Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
SIDHARTHNAGAR NEWS: विकास खंड शोहरतगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत एकडेंगा भावपुर में शुक्रवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल ‘गांव की समस्या, गांव में समाधान’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। चौपाल के दौरान डीएम ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से पूछा कि उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ मिल रहा है या नहीं। ग्रामीणों ने बताया कि योजनाओं का लाभ मिल रहा है, फिर भी डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कर सभी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने, जिससे पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज संभव है, पर विशेष जोर दिया गया। डीएम ने किसानों की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान सम्मान निधि और फसल क्षति से जुड़े मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने को कहा। उन्होंने वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश दिए। महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने की अपील करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्युत विभाग की एकमुश्त समाधान योजना का लाभ उठाने, राशन वितरण में पारदर्शिता बनाए रखने, वरासत, भूमि विवाद और पैमाइश के मामलों का समयबद्ध निस्तारण कराने के निर्देश दिए। जन्म, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के आवेदनों को निर्धारित समय में निपटाने पर भी जोर दिया. डीएम ने स्पष्ट कहा कि भारत व प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रजत कुमार चौरसिया, उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र सहित जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।