Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
जनपद के प्रभारी मंत्री ने की जनप्रतिनिधियों व जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ कोर कमेटी एवं जिला समन्वय समिति की बैठक
BHADOHI NEWS: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री एके शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कोर कमेटी एवं जिला समन्वय समिति की बैठक हुई। जिसमें जनप्रतिनिधि के साथ ही सभी विभागों के जिलास्तर अधिकारी शामिल हुए। जिसका उद्देश्य जनपद में संचालित विकासपरक योजनाओं की समीक्षा करना तथा शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारना रहा। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की सभी विकास योजनाएं आम जनता के जीवनस्तर को बेहतर बनाने के लिए हैं। इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की नियमित समीक्षा करें। समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण कराएं तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचाना सुनिश्चित करें। चकबंदी कार्यों में पूरे प्रदेश में जनपद भदोही प्रथम स्थान आने पर मंत्री ने डीएम व चकबंदी टीम के कार्यों की सराहना की। ठंड एवं शीतलहर को देखते हुए श्री शर्मा ने विशेष रूप से रैन बसेरों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के सभी रैन बसेरों में साफ-सफाई, पर्याप्त कंबल, प्रकाश, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। खुले में कोई भी व्यक्ति न सोए, इसके लिए नगर निकायों, पुलिस एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर निरंतर अभियान चलाया जाए। सभी निकायों में पर्याप्त अलाव जलाने के निर्देश दिए। मंत्री ने जनपद के मतदाताओं से अपील किया कि निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 6 जनवरी को निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन करा दिया गया है। फार्म-6 भरकर अपना नाम अवश्य जुड़वा ले। जिससे कि उनका मताधिकार सुरक्षित रहे। इस मौके पर सांसद डॉ.विनोद बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरूद्ध त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, पूर्व विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी, डीएम शैलेश कुमार, एसपी अभिमन्यु मांगलिक, सीडीओ बालगोविंद शुक्ल अन्य जनप्रतिनिधि व सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।