कालीन नगरी भदोही में सर्दी का सितम जारी न केवल रातें बल्कि दिन भी गुजर रही है भरपूर ठिठुरन से, राहत के लिए अलाव बना सहारा

BHADOHI NEWS: कालीन नगरी भदोही में सर्दी का सितम जारी है। हालात यह हैं कि न केवल रातें बल्कि दिन भी ठिठुरन से भरपूर गुजर रहे हैं। आमतौर पर दोपहर में मिलने वाली राहत इस बार नदारद है। जिससे जनजीवन खासा प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को दोपहर में धूप खिलने के बाद भी न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में इस लगातार गिरावट ने गलन को और बढ़ा दिया है। नमी और ठंडी हवाओं के कारण सर्दी सीधे शरीर में चुभती महसूस हो रही है। शुक्रवार को सुबह कोहरा तो घना नहीं रहा पर ठंडी हवाओं ने हालत खराब कर दी। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और दिहाड़ी मजदूरों को खास परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह के वक्त सड़कों पर आवाजाही कम लोग अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते दिखाई दिए। हालांकि दिन में धूप खिली पर गलन से कोई राहत नहीं मिली। धूप निकलने से बाजारों और सड़कों पर चहल-पहल पहले के मुकाबले कुछ बढ़ गई। लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी। ठंड का असर नगर की दिनचर्या पर साफ दिखाई दे रहा है। सुबह देर तक दुकानें खुल रही हैं और शाम होते ही बाजार जल्दी सिमटने लगे हैं। गर्म कपड़ों, कंबलों और हीटर की मांग में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अभी ठंड से राहत की उम्मीद कम है। जनवरी माह तक ठंड का यह भीषण दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को अभी और कुछ दिनों तक गलन व कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *