उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए गुलाबी गैंग लीडर एवं प्रधान हेमलता पटेल हुईं सम्मानित

युवा विकास समिति के मंच पर मिला सम्मान
FATEHPUR NEWS: युवा विकास समिति द्वारा शनिवार को फतेहपुर शहर स्थित एक लॉन में 10वां वार्षिकोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठजनों, समाजसेवियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष एवं प्रधान हेमलता पटेल को उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं शाल प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान पूर्व विधायक करण सिंह पटेल के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया। गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक संगठन जनपद में पीड़ित एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए एक मजबूत सहारा बनकर उभरा है। अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में संगठन द्वारा महिला उत्पीड़न के विरुद्ध संघर्ष, अत्याचार से पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने, बेरोजगार युवाओं की आवाज बनने, किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष, सड़क निर्माण की मांग, कड़ाके की ठंड में जरूरतमंदों को कंबल वितरण जैसे अनेक सामाजिक कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। बताया गया कि हेमलता पटेल वर्तमान में दूसरी बार सुजानपुर बहुआ देहात की ग्राम प्रधान हैं और साथ ही बहुआ ब्लॉक प्रधान संघ की अध्यक्ष भी हैं। उनके प्रधानी कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा एवं ग्राम विकास के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए पंचायती राज विभाग द्वारा उन्हें लखनऊ एवं दिल्ली में सम्मानित किया जा चुका है। हाल ही में पंचायती राज विभाग द्वारा उनका चयन उत्तर प्रदेश की ड्रीम टीम में किया गया है, जिससे जनपद का नाम रोशन हुआ है। सम्मान प्राप्त करने के बाद हेमलता पटेल ने कहा कि युवा विकास समिति द्वारा दिया गया यह सम्मान उन्हें गर्व और प्रेरणा देने वाला है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष अमित तिवारी, जिला प्रवक्ता आलोक गौड़, जिलाध्यक्ष कंचन मिश्रा, रूपम सहित समिति के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवा विकास समिति द्वारा किए जा रहे समाजहित कार्य सराहनीय हैं और गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक हर परिस्थिति में जरूरतमंद और असहाय लोगों के साथ खड़ा रहेगा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक करण सिंह पटेल, ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी, सरला सिंह, अनुराग मिश्रा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठजन, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समाजसेवी, मीडियाकर्मी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *