Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

मतदाता सूची से छूटे मतदाताओं की मैपिंग कराने के निर्देश
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सत्यापन कार्य को लेकर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ईश्वरी नारायण यादव ने सुपरवाइजरों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। डॉ. यादव को विधानसभा कोरांव के बूथ संख्या 300 से 328 तक के मतदाताओं के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में उन्होंने शनिवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक यह बैठक आयोजित की। बैठक में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ईश्वरी नारायण यादव ने निर्देश दिए कि जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में मैपिंग से छूट गए हैं, उनकी मैपिंग कराते हुए उन्हें सूची से जोड़ने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने सुपरवाइजरों और बीएलओ अधिकारियों को इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। डॉ. यादव ने बताया कि उप जिलाधिकारी ने भी इस संबंध में सख्त निर्देश दिए हैं कि कार्य में किसी भी प्रकार की हीला-हवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही करने वाले बीएलओ के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस बैठक में विधानसभा कोरांव के बूथ संख्या 300 से 328 तक के सभी सुपरवाइजर और बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहे।