Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

PRAYAGRAJ NEWS: नगर पंचायत कोरांव में यातायात जाम की समस्या गंभीर होती जा रही है। प्रतिदिन घंटों तक लगने वाले जाम से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्कूली बच्चे, बसें, चार पहिया वाहन चालक, पैदल यात्री और बाइक सवार सभी इस भीषण जाम में फंसकर जूझते हैं। जाम में फंसे राहगीर भुवनेश्वर सिंह ने बताया कि वह आधे घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे। इसी तरह शिक्षक अजय सिंह ने भी जानकारी दी कि कोरांव बाजार के मुख्य गोल चैराहे पर लगभग एक घंटे से अधिक समय तक भीषण जाम लगा रहा। बाजार की चारों सड़कें पूरी तरह अवरुद्ध हो गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया था। इस जाम के कारण आकस्मिक सेवाओं की गाड़ियां भी फंसी रहती हैं। हालांकि, स्थानीय प्रशासन प्रतिदिन लगने वाले इस भीषण जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई ठोस पहल नहीं कर रहा है। इससे बाजार आने वाले लोगों, व्यापारियों और राहगीरों को लगातार असुविधा हो रही है।
इन दिनों प्रयागराज का ऐतिहासिक माघ मकर मेला भी चल रहा है, जिसके कारण कोरांव से होकर मध्य प्रदेश और मिर्जापुर के बड़ी संख्या में यात्री मेले में आ-जा रहे हैं। उन्हें भी जाम में फंसकर परेशानी झेलनी पड़ रही है। सोमवार को कोरांव बाजार में दोपहर 2 बजे से लेकर 4 बजे तक लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा।
इस संबंध में कोरांव थाना प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को कई बार चेतावनी दी गई है, लेकिन वे अतिक्रमण नहीं हटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।