Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

बजरंग दल जिला टोली पूर्णतः निरस्त
FATEHPUR NEWS: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, वीआईपी रोड फतेहपुर में आयोजित विश्व हिंदू परिषद की दो दिवसीय प्रांतीय बैठक के समापन पर संगठन में अहम दायित्व परिवर्तन की घोषणा की गई। जिला सेवा प्रमुख के रूप में कार्यरत अनिल सिंह गौतम को उनकी संगठनात्मक दक्षता, अनुशासन एवं सक्रिय भूमिका को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद, फतेहपुर का जिला कार्य अध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह घोषणा प्रांतीय एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेंद्र भाई सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में की गई, जिस पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ हर्ष व्यक्त किया। संगठन नेतृत्व ने कहा कि अनिल सिंह गौतम ने सेवा कार्यों, सामाजिक समरसता एवं संगठन विस्तार में उल्लेखनीय योगदान दिया है और उनके नेतृत्व में जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। बैठक के दौरान एक बड़ा संगठनात्मक निर्णय लेते हुए बजरंग दल जिला टोली को पूर्णतः निरस्त कर दिया गया। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि शीघ्र ही बजरंग दल की नई जिला टोली का गठन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी संगठन स्तर पर सौंपी गई है। संगठन का मानना है कि नए गठन के माध्यम से बजरंग दल को अधिक अनुशासित, सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाएगा। दो दिवसीय बैठक में बीते छह माह के कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी छह माह की कार्ययोजना भी तय की गई। बैठक में सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक तथा जनजागरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का समापन संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के संकल्प के साथ किया गया।