Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: थाना असोथर क्षेत्र अंतर्गत असोथर–रामनगर कौहन संपर्क मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खिचड़ी देकर लौट रहे साइकिल सवार अधेड़ किसान और तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की आमने–सामने भिड़ंत में साइकिल सवार किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल सदर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिवकुमार उर्फ छक्कू यादव (40 वर्ष) पुत्र स्व. राम कृपाल, निवासी सतीश नगर, मर्का थाना मर्का जनपद बांदा के रूप में हुई है। वह अपने रिश्तेदार मुन्ना यादव (50 वर्ष) पुत्र बड़कू यादव के साथ असोथर थाना क्षेत्र के ऐझी गांव में अपनी बहन चंदा देवी पत्नी सूरजपाल यादव तथा रिश्तेदार रीनू यादव पत्नी राकेश यादव के यहां साइकिल से खिचड़ी देने गए थे। सोमवार सुबह शिवकुमार उर्फ छक्कू यादव एवं मुन्ना यादव साइकिल से असोथर कस्बे में बाजार कर अपने गांव मर्का लौट रहे थे। तभी सिंधुतारा गांव के पास रामनगर कौहन की ओर से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार शिवकुमार उर्फ छक्कू यादव एवं मुन्ना यादव के साथ मोटरसाइकिल सवार बबलू सक्सेना और बबलू शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शिवकुमार उर्फ छक्कू यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल बबलू सक्सेना और बबलू शर्मा को जिला अस्पताल सदर रेफर किया गया, जबकि मुन्ना यादव का इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पुत्र धीरज ने बताया कि उनके पिता के पास लगभग एक बीघा भूमि थी, जिस पर खेती व मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। मृतक के तीन पुत्र ललित (22), नीरज (20), धीरज (16) एवं दो पुत्रियां कोमल (18) व राधा (13) हैं। बड़े बेटे ललित और नीरज पुणे में मजदूरी करते हैं। पिता की मौत की सूचना मिलते ही परिवार का रो–रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।