Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के अंतर्गत सोमवार को पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम/एण्टी रोमियो टीम द्वारा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। अभियान के तहत जनपद के प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों/कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं को उनकी सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। टीमों द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन (सुमन) योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही महिलाओं की सहायता हेतु उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों— वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (पैनिक बटन/मोबाइल डेमो), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी पंपलेट वितरित कर दी गई। पुलिस विभाग द्वारा अपील की गई कि महिलाएं व बालिकाएं किसी भी आपात स्थिति में निडर होकर इन हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें तथा अपनी सुरक्षा को लेकर सदैव सजग रहें।