व्यापारी की मौत से आहत व्यापार मंडल ने अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: खागा नगर के व्यापारी हुकुम सिंह की सड़क दुर्घटना में हुई मौत से आहत व्यापार मंडल ने सोमवार को नगर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी अभिनीत कुमार, क्षेत्राधिकारी दुर्गेश दीप, प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रामगोपाल सिंह एवं अधिशासी अधिकारी देवहूति पाण्डेय को ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि नगर में सुबह 9 बजे से रात्रि 9 बजे तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर नो-एंट्री लागू की जाए। साथ ही नगर में सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा नहर के पास पुलिया पर सायंकाल 4 बजे से रात्रि 9 बजे तक पुलिस पिकेट की ड्यूटी लगाई जाए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल एवं बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय ने कहा कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं से व्यापारी और आम नागरिकों में भारी आक्रोश है। यदि शीघ्र व्यवस्था लागू नहीं की गई तो व्यापार मंडल एवं बुंदेलखंड राष्ट्र समिति जनांदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी तहसील प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान व्यापार मंडल एवं विभिन्न संगठनों के अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *