Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: अमौली क्षेत्र के बुढ़वा में आयोजित रीजनल प्रीमियर क्रिकेट लीग के अंतिम दिन खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में हंक इलेवन भलिगवां ने श्रीबालाजी स्ट्राइकर लखनऊ को मात्र दो रन से पराजित कर चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच का फैसला अंतिम ओवर की आखिरी गेंदों तक चला, जिससे खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। फाइनल मुकाबले का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हंक इलेवन की टीम 20 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी और 14.1 ओवर में 85 रन पर सिमट गई। टीम का कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका। 86 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीबालाजी स्ट्राइकर लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने मात्र 6 ओवर में 12 रन पर अपने 5 विकेट गंवा दिए, जिससे मुकाबला एकतरफा नजर आने लगा। इसके बाद जावेद और अक्षत ने 46 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मुकाबले में वापस ला दिया और दर्शकों की धड़कनें बढ़ा दीं। हालांकि 18वें ओवर में लगातार दो विकेट गिरने से टीम फिर दबाव में आ गई। अंतिम ओवर में जीत के लिए जरूरी रन बनाने के प्रयास में बल्लेबाज का शॉट कैच हो गया और श्रीबालाजी स्ट्राइकर को 2 रन से हार का सामना करना पड़ा। विजेता टीम हंक इलेवन के कप्तान डब्बू पंडित को ट्रॉफी के साथ 71,000 रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं उपविजेता टीम के कप्तान बाबी पंडित को ट्रॉफी एवं 51,000 रुपये नकद दिए गए। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार आकाश को, मैन ऑफ द फील्डर का सम्मान अक्षत को तथा सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार मनीष चौहान को प्रदान किया गया। समारोह में पूर्व शिक्षक एवं विधायक लवकुश मिश्रा, अलका सिंह, आबिद हसन, बृजेश वर्मा, जयंती वर्मा, सर्वेश तिवारी, राजकुमार वर्मा, राजेश उत्तम, मोनू मिश्रा, हसन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।