बिजली, लोक निर्माण एवं स्वास्थ्य सेवाओ को लेकर कोर कमेटी की अहम बैठक सम्पन्न

मेडिकल कॉलेज में पूर्णकालिक नियमित प्राचार्य की तैनाती का प्रभारी मंत्री ने दिया आश्वासन
नगर निकाय एवं विजनेस प्लान के अन्तर्गत अवशेष विद्युतीकरण के कार्य को अविलम्ब पूर्ण करायें-प्रभारी मंत्री
PRATAPGARH NEWS: राज्यमंत्री परिवहन विभाग/जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में कोर कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, मुख्य विकास अधिकारी डा0 दिव्या मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह, पूर्व विधायक धीरज ओझा, परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक मे विद्युत विभाग की समीक्षा में विधायक सदर द्वारा नगर निकाय विस्तारणीकरण एवं विजनेस प्लान के अन्तर्गत प्रगति के सन्दर्भ में जानकारी करने पर अधीक्षण अभियन्ता विद्युत द्वारा अवगत कराया गया कि नगर निकाय के अन्तर्गत 185 कार्य स्वीकृत हैं जिसके सापेक्ष 62 कार्य पूर्ण हो गये हैं। नगर निकाय के अन्तर्गत पूरेईश्वरनाथ में 33/11 केवी विद्युत उपकेन्द्र का निर्माण हो रहा है। विजनेस प्लान के अन्तर्गत अवगत कराया गया कि जनपद में 344 ट्रांसफार्मरों का क्षमतावृद्धि किया जाना था जिसके सापेक्ष 205 ट्रांसफार्मरों में क्षमतावृद्धि का कार्य पूर्ण किया गया है। स्टेडियम के पीछे 33 केवी विद्युत लाइन शिफ्टिंग के बारे में अधीक्षण अभियन्ता विद्युत द्वारा अवगत कराया गया कि विद्युत लाइन शिफ्टिंग का कार्य प्रारम्भ करा दिया गया है। नगर निकाय एवं विजनेस प्लान के अन्तर्गत अवशेष विद्युतीकरण के कार्य को अविलम्ब पूर्ण कराये जाने के निर्देश प्रभारी मंत्री द्वारा अधीक्षण अभियन्ता विद्युत को दिये गये। लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में जनपद प्रतापगढ़ स्थित निरीक्षण भवन परिसर में 06 अतिरिक्त सूट निर्माण के बारें में जानकारी करने पर अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग निर्माण खण्ड-1 द्वारा अवगत कराया गया कि निरीक्षण भवन परिसर में 06 अतिरिक्त सूट निर्माण हेतु रूपये 409.11 लाख का प्रारम्भिक आगणन मुख्य अभियन्ता (भवन) कार्यालय प्रमुख अभियन्ता लोक निर्माण विभाग, लखनऊ को दिनांक 23 दिसम्बर 2025 को प्रेषित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में विधायक सदर एवं भाजपा जिलाध्यक्ष द्वारा राजा प्रताप बहादुर मेडिकल कॉलेज में पूर्णकालिक नियमित प्राचार्य की तैनाती का अनुरोध किया गया। नियमित प्राचार्य की तैनाती न होने के कारण मेडिकल कॉलेज में दवाओं, उपकरण की उपलब्धता आदि में अव्यवस्था उत्पन्न हो रही है जिस पर प्रभारी मंत्री द्वारा त्वरित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *