जिले में निर्दोष नागरिकों को फंसाया जा रहा फर्जी मुकदमे मेंरू शालिनी

जदयू की प्रदेश उपाध्यक्ष ने जिले में विभिन्न घटनाओं के पीड़ित परिजनों से की मुलाकात, न्याय दिलाने का दिया भरोसा
BHADOHI NEWS: जनता दल (यूनाइटेड) की प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल ने मंगलवार को जिले में विभिन्न घटनाओं के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने जिले के पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए। उनके साथ भदोही जेडीयू जिलाध्यक्ष सर्वेश राय, महिला जिलाध्यक्ष बांदा पिंकी प्रजापति, प्रदेश सचिव महिला गरिमा सिंह पटेल, सुशील पटेल सहित अन्य मौजूद रहे।
इस दौरान श्रीमती पटेल ने आरोप लगाया कि जिले में निर्दोष नागरिकों को फर्जी मुकदमों में फंसाया जा रहा है, जबकि गंभीर अपराधों के पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। पुलिस-प्रशासन पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने खेत्तलपुर निवासी सुजीत पटेल के परिजनों से उनके घर पर मुलाकात की। परिजनों ने बताया कि सुजीत का शव घर पर रखा गया था। किसी प्रकार का सड़क जाम नहीं किया गया। इसके बावजूद पुलिस ने उन पर दबावपूर्ण कार्रवाई की। श्रीमती पटेल ने औराई एसडीएम श्याममणि त्रिपाठी से मिलकर पीड़ित परिवार की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने अपनी स्तर की मांगों को पूरा करने और शेष मांगों को उच्चाधिकारियों तक भेजने का आश्वासन दिया। उन्होंने घटमापुर निवासी सूरत प्रकरण पर भी ध्यान दिया। इस मामले में एसपी कार्यालय परिसर में शांतिपूर्वक बैठे परिजनों पर सड़क जाम दिखाने का आरोप लगाकर फर्जी एफआईआर दर्ज की गई थी। श्रीमती पटेल ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने घटमापुर निवासी सुशील यादव के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने बताया कि दस वर्ष पूर्व उनके पुत्र को कुछ लोग नौकरी के बहाने अपने साथ ले गए थे। हाल ही में घर लौटते समय उसे दोबारा ले जाकर हत्या कर दी गई। मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। श्रीमती पटेल ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया कि वह गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के गृहमंत्री को पत्र लिखकर न्याय दिलाने और पीड़ित परिवार पर दर्ज फर्जी मुकदमों की वापसी सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगी। उन्होंने धसकारी गांव में कमलाकांत दुबे हत्याकांड के पीड़ित परिवार से भी मुलाकात की। परिवार ने बताया कि मृतक ने सुरक्षा के लिए डीएम से लेकर शासन तक लगभग 400 पत्र लिखे थे, लेकिन समय रहते सुरक्षा प्रदान नहीं की गई। परिवार को हत्या के बाद गनर प्रदान करना प्रशासन की गंभीर विफलता को दर्शाता है। श्रीमती पटेल ने स्पष्ट किया कि वह इन सभी मामलों को लेकर सीएम, डीजीपी और अन्य उच्चाधिकारियों से मिलेंगी। वह निष्पक्ष जांच, फर्जी मुकदमों की वापसी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *