Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों से संबंधित समीक्षा बैठक जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ संपन्न हुई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन निर्माणाधीन परियोजनाओं का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण नहीं हो पा रहा है, संबंधित कार्यदायी संस्थाएं अपने मुख्यालय स्तर पर पत्राचार कर समयावधि को रिवाइज कराएं, ताकि सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो। उन्होंने ग्राम पंचायतों में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत आवंटित बजट के सापेक्ष कराए गए कार्यों की धनराशि के भुगतान की प्रगति कम पाए जाने पर जिला पंचायत राज अधिकारी तथा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की प्रगति कम होने पर मत्स्य निरीक्षक का वेतन कार्य पूर्ण होने तक आहरित न किए जाने के निर्देश दिए। 50 बेड अस्पताल जहानाबाद एवं नगर पंचायत असोथर कार्यालय में विद्युत संयोजन न होने पर अधिशासी अभियंता विद्युत, बिंदकी व खागा को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए तथा विद्युत संयोजन शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया। अन्यथा विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई। यू.पी.सी.एल.डी.एफ. द्वारा कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में उच्चीकरण कार्य की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब किया गया। वहीं जल निगम शहरी के अधिशासी अभियंता को सीवरेज नेटवर्क का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने तथा खुदाई वाले स्थलों पर मरम्मत कार्य साथ-साथ कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में उत्सव भवन निर्माण, मियावाकी पद्धति से पौधरोपण तथा पशुचर भूमि चिन्हित कर हरे चारे की बुआई कराने के निर्देश भी दिए। छात्रवृत्ति से संबंधित लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को दिए गए। उन्होंने कहा कि सीएम डैशबोर्ड की रिपोर्ट निर्धारित समय पर संबंधित पोर्टल पर फीड की जाए, जिससे जनपद की रैंकिंग बेहतर बनी रहे। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित लाभार्थीपरक जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का ससमय निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।