Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

PRATAPGARH NEWS: देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पत्रकार सुरक्षा कानून को लागू कराने की मांग को लेकर जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ़ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग सक्सेना ने हिमाचल प्रदेश एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल माननीय कलराज मिश्र जी से मुलाकात कर विस्तृत एवं सार्थक वार्ता की। इस बैठक में पत्रकारों के समक्ष उत्पन्न हो रही चुनौतियों, बढ़ती असुरक्षा, हमलों और फर्जी मामलों जैसे गंभीर विषयों पर गहन चर्चा की गई। वार्ता के दौरान अनुराग सक्सेना ने पत्रकार सुरक्षा कानून की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत करने के लिए पत्रकारों को कानूनी संरक्षण देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों में पत्रकार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उत्पीड़न, धमकी और हिंसा का सामना कर रहे हैं, जिससे निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित हो रही है। माननीय कलराज मिश्र जी ने संगठन की मांगों को गंभीरता से सुना और पत्रकारों की भूमिका को लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ़ इंडिया द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण मुद्दे को वे केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष पूरी मजबूती के साथ प्रस्तुत करेंगे। पूर्व राज्यपाल ने यह भी कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून समय की आवश्यकता है और इसे लागू कराने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि पत्रकारों के हित में सकारात्मक निर्णय शीघ्र लिए जाएंगे। इस अवसर पर जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ़ इंडिया के पदाधिकारियों ने भी संगठन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। बैठक को पत्रकार हितों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे आने वाले समय में पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद बढ़ी है।