अयोध्या में “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” अभियान का हुआ आयोजन

37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत हुआ आयोजन

AYODHYA NEWS : 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” थीम पर जिले में सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इसी क्रम में बुधवार को रसूलपुर टोल प्लाजा पर भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गोमती हाईवेज प्राइवेट लिमिटेड एवं वर्टिस इंफ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट हाइवे द्वारा किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अयोध्या के निर्देशन में एनएचएआई अयोध्या के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अवनीत सिद्धार्थ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जबकि विशेष अतिथि के रूप में उपायुक्त परिवहन विभाग अयोध्या राजकुमार, विशिष्ट अतिथि आरटीओ आरपी सिंह, आरटीओ विश्वजीत सिंह, आरटीओ गुलाब चंद, आरई जाकिर हुसैन, डिप्टी मैनेजर टेक अमर नाथ, रोहन करवाल, धर्मेंद्र पाठक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि अवनीत सिद्धार्थ द्वारा सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को 100 हेलमेट वितरित किए गए। साथ ही सीएसआर (कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत जरूरतमंद स्कूल की बालिकाओं को साइकिलें वितरित की गईं, जिससे उनकी शिक्षा में सुविधा मिल सके। कार्यक्रम के दौरान आरटीओ गुलाब चंद द्वारा वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। शपथ में यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने का संकल्प दिलाया गया। मुख्य अतिथि अवनीत सिद्धार्थ एवं आरटीओ आरपी सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि दिन-प्रतिदिन सड़क दुर्घटनाओं में हो रही वृद्धि अत्यंत गंभीर चिंता का विषय है। लोग नियमों की जानकारी होने के बावजूद उनकी अनदेखी कर रहे हैं, जबकि घर पर उनके परिजन सुरक्षित वापसी की प्रतीक्षा करते रहते हैं। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि हेलमेट, सीट बेल्ट सहित यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान भी सुरक्षित रखें। वहीं रोहन करवाल ने कहा कि यातायात नियमों के ईमानदार और सख्त पालन से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। यदि सभी नागरिक जागरूक होकर नियमों का पालन करें, तो उत्तर प्रदेश को सड़क दुर्घटना मुक्त राज्य बनाया जा सकता है। इसके साथ ही आदित्य दुबे एवं सचिन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान पूरे माह विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें सड़क सुरक्षा प्रदर्शनी, स्कूलों में स्लोगन लेखन, पेंटिंग, क्विज प्रतियोगिता, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, वाहन चालकों के लिए नेत्र परीक्षण शिविर तथा वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगाए जाने जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। कार्यक्रम का संचालन राजस्थान सरकार द्वारा “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” राज्य स्तरीय अवार्ड से सम्मानित फिरोज़ खान द्वारा किया गया। आयोजन के दौरान टोल प्लाजा के कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं वाहन चालक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया और सुरक्षित यातायात के प्रति सभी को प्रेरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *