Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: जिला एथलेटिक्स संघ की ओर से बुधवार को नगर स्थित एक होटल में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने की। बैठक में विशेष रूप से जिला ओलंपिक संघ के सचिव एवं लक्ष्मण अवार्डी रविकांत मिश्रा तथा जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव पी.के. श्रीवास्तव की उपस्थिति रही। बैठक के दौरान संघ अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने एथलेटिक्स कैलेंडर की जानकारी देते हुए जनवरी माह में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जनवरी एवं फरवरी माह में जिले में दो प्रमुख एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि ये प्रतियोगिताएं भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (AFI) की पहल के तहत आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य जिले की प्रतिभाशाली बालिकाओं को मंच प्रदान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। उन्होंने जानकारी दी कि 20 जनवरी को प्रस्तावित प्रतियोगिता में अंडर–14 एवं अंडर–16 वर्ग की बालिकाएं प्रतिभाग करेंगी। अंडर–14 वर्ग में ट्रायथलॉन ए, बी, सी तथा किड्स जैवलिन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं अंडर–16 वर्ग में दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, डिस्कस थ्रो, शॉटपुट एवं जैवलिन थ्रो जैसी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन को लेकर आवश्यक तैयारियों, खिलाड़ियों के चयन, सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। सभी सदस्यों ने एकमत से खेलों को बढ़ावा देने और जिले से प्रतिभाशाली एथलीट तैयार करने के लिए इस तरह की प्रतियोगिताओं को नियमित रूप से आयोजित करने पर बल दिया। अंत में अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने सभी उपस्थित पदाधिकारियों व सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।