Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: नगर पंचायत बढ़नी बाजार के चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने अधिशासी अधिकारी (ईओ) अजय कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए विकास कार्यों में अनियमितता की अनदेखी, जनसमस्याओं की उपेक्षा और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की अनसुनी जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। सोमवार को जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में चेयरमैन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। चेयरमैन का आरोप है कि पूर्व जिलाधिकारी द्वारा नगर पंचायत बढ़नी की सम्पत्तियों का विस्तृत ब्यौरा मांगे जाने के बावजूद अधिशासी अधिकारी द्वारा न तो सम्पत्तियों का चिन्हीकरण कराया गया और न ही संबंधित विवरण उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने मौखिक व लिखित रूप से अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी से बार-बार अनुरोध किया, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्य कराए जा सकें, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं की गई। चेयरमैन सुनील अग्रहरि ने यह भी आरोप लगाया कि सभासदों व आम जनता द्वारा विभिन्न वार्डों में व्याप्त अतिक्रमण की समस्या को लेकर कई बार अधिशासी अधिकारी को अवगत कराया गया। बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित है, बावजूद इसके पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इस मुद्दे पर उन्होंने स्वयं भी ईओ, एसडीएम शोहरतगढ़ एवं एडीएम को बार-बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया, परंतु स्थिति जस की तस बनी रही। लगातार उपेक्षा से आहत होकर चेयरमैन ने पांच जनवरी को अपर जिलाधिकारी को पूरे प्रकरण से लिखित रूप में अवगत कराते हुए नगर पंचायत के समस्त कार्यों के बहिष्कार की घोषणा की। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई कार्रवाई न होने से नगर पंचायत और शासन-प्रशासन की छवि धूमिल हो रही है। वहीं, इस संबंध में अपर जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि प्राप्त शिकायती पत्र के आधार पर ईओ बढ़नी एवं एसडीएम शोहरतगढ़ से जांच रिपोर्ट तलब की गई है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।