Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

खीरी प्रयागराज। पुरे भारत वर्ष मे आज के दिन मकर संक्रांति के पावन अवसर पर घोघरवीर महाराज के प्राचीन धाम पर लगने वाले वार्षिक मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह तड़के से ही महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। टौंस नदी के दोनों तटों पर फैला यह भव्य मेला आस्था, परंपरा और प्रकृति की अनुपम छटा प्रस्तुत करता नजर आया।मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी, जिससे पूरा मेला क्षेत्र शांतिपूर्ण माहौल बना रहा। पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार गश्त की जाती रही, वहीं नदी तट पर भी विशेष सतर्कता बरती गई।घोघरवीर महाराज के इस ऐतिहासिक मेले की खास पहचान टौंस नदी की अविरल बहती जलधारा और उसके किनारे स्थित विशाल पत्थरों पर सजी दुकानों से है। नदी के कल-कल करते प्रवाह के बीच सजे बाजार और रंग-बिरंगी दुकानों का दृश्य श्रद्धालुओं को बरबस ही आकर्षित कर रहा था। खिलौने, मिठाइयां, पूजा सामग्री, घरेलू सामान और खानपान की दुकानों पर दिनभर रौनक बनी रही, जिससे दुकानदारों की चांदी रही।मेले में भगवान शिव और हनुमान जी के प्राचीन मंदिरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। दूर-दराज से आए भक्तों ने दर्शन कर मन्नतें मांगीं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई हर मन्नत अवश्य पूरी होती है, इसी विश्वास के चलते हर वर्ष मेले में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है।भक्ति, विश्वास और सांस्कृतिक परंपरा का यह संगम न केवल क्षेत्र की धार्मिक आस्था को दर्शाता है, बल्कि सामाजिक एकता और लोकसंस्कृति की जीवंत झलक भी पेश करता है। घोघरवीर महाराज का यह मेला एक बार फिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।