जेसीबी पलटने से दबकर युवक की हुई मौत

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, परिजनों में मचा कोहराम
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव थाना क्षेत्र के बैठकवा गांव में खुदाई के दौरान जेसीबी पलटने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान परसिधिया महुली निवासी 30 वर्षीय कमलेश मौर्य के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कमलेश मौर्य अपनी जेसीबी लेकर बैठकवा गांव में खेत समतल करने गए थे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जब ऑपरेटर जेसीबी चला रहा था, कमलेश उसके बगल में खड़े थे। टीले पर मिट्टी की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई, जिससे जेसीबी पलट गई। जेसीबी के चोंगे के नीचे दबने से कमलेश मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रयागराज ले जाते समय गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे कमलेश मौर्य ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
कमलेश अपने दो भाइयों में बड़े थे और उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें रितु, काव्या और एक माह की दुधमुंही बच्ची शामिल हैं। हादसे के बाद मृतक की पत्नी कल्पना और अन्य परिजनों को गहरा सदमा लगा है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *