Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JAUNPUR NEWS: जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के बढ़ते प्रयोग को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में थाना लाइन बाजार पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चाइनीज मांझे का प्रयोग कर पतंग उड़ाने वाले 16 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है। प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई उस समय की, जब थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कुछ लोग पतंगबाजी कर रहे थे। तलाशी के दौरान इनके पास से प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के प्रयोग की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार चाइनीज मांझा न केवल कानूनन प्रतिबंधित है, बल्कि यह आमजन, खासकर राहगीरों और पक्षियों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में थाना लाइन बाजार क्षेत्र के साथ-साथ सरायख्वाजा और केराकत थाना क्षेत्र के निवासी भी शामिल हैं। अभियुक्तों की उम्र 19 वर्ष से 46 वर्ष के बीच बताई जा रही है। सभी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, अरविंद यादव, चरण सिंह, रामभरोस राम, कृष्णानंद यादव सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के साथ किसी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षित और वैधानिक तरीके से ही पतंगबाजी करें तथा प्रतिबंधित सामग्री के प्रयोग से बचें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।