Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

ASP आयुष श्रीवास्तव खुद सड़क पर उतरे, दोपहिया वाहनों पर लगवाए सेफ्टी गार्ड
JAUNPUR NEWS: जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से हो रही जानलेवा घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को *अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव* ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर सद्भावना पुल पर विशेष *सुरक्षा कवच अभियान* चलाया।
अभियान के दौरान ASP नगर ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर दोपहिया वाहन चालकों के गले और चेहरे की सुरक्षा के लिए वाहनों पर लोहे के सेफ्टी गार्ड (सुरक्षा वायर) लगवाए। यह गार्ड हवा में तैरते चाइनीज मांझे से होने वाली गंभीर चोटों से बचाव के लिए लगाए गए। पुलिस की सख्त कार्रवाई का असर साफ दिख रहा है। अब तक विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर *280 किलोग्राम प्रतिबंधित चाइनीज मांझा* जब्त किया जा चुका है। यह कार्रवाई उन दुकानदारों के खिलाफ की गई है जो चोरी-छिपे इस जानलेवा धागे की बिक्री कर रहे थे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई भी दुकानदार प्रतिबंधित मांझे की बिक्री में संलिप्त पाया गया, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने आमजन से अपील करते हुए कहा
नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। 280 किलो चाइनीज मांझे की जब्ती यह साबित करती है कि पुलिस इस खतरे को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता से अनुरोध है कि पतंग उड़ाने में केवल सूती धागे (सद्दी) का ही प्रयोग करें और चाइनीज मांझा बेचने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अभियान के दौरान यातायात उपनिरीक्षक सुशील मिश्रा यातायात पुलिस टीम एवं अन्य पुलिस बल सक्रिय रूप से मौजूद रहा।