यातायात नियम उल्लंघन पर 79 वाहनों का हुआ चालान

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) बलरामपुर-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर परिवहन विभाग ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत चलाए गए इस अभियान में इंटरसेप्टर वाहन की मदद से ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों की विशेष जांच की गई। अभियान के दौरान कुल 79 वाहनों के चालान किए गए। इनमें से 36 वाहन निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में चल रहे थे। शेष 43 चालान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट न लगाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने जैसे अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के लिए किए गए। इस सड़क सुरक्षा अभियान में परिवहन विभाग के उमेश सिंह और यातायात प्रभारी ने सक्रिय भूमिका निभाई। अधिकारियों ने मौके पर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और लापरवाही के गंभीर परिणामों के बारे में बताया।
बलरामपुर के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) बृजेश ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *