सेना दिवस पर गूंजी देशभक्ति, वीरांगना स्पोर्ट एकेडमी की भव्य रैली ने बांधा समां

FATEHPUR NEWS: सेना दिवस के अवसर पर वीरांगना स्पोर्ट एकेडमी आर्मी ट्रेनिंग सेंटर की ओर से पूरे शहर में एक भव्य देशभक्ति रैली का आयोजन किया गया। देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम के संदेशों से सजी यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसने आमजन में भारतीय सेना के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को और मजबूत किया। रैली में वीरांगना स्पोर्ट एकेडमी के साथ-साथ उसकी दूसरी शाखा दूजी देवी मेमोरियल इंटर कॉलेज के कैडेट्स ने अनुशासन, जोश और उत्साह के साथ सहभागिता की। कैडेट्स हाथों में तिरंगा लिए “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “सेना के सम्मान में” जैसे नारों के साथ कदमताल करते हुए आगे बढ़ते नजर आए। देशभक्ति रैली को सागर ग्रुप के चेयरमैन अशोक मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर वीरांगना स्पोर्ट एकेडमी के चेयरमैन अभिनेष मौर्य ने कहा कि सेना दिवस पर आयोजित यह रैली युवाओं को देश सेवा, अनुशासन और बलिदान की भावना से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान प्रकट करना और नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना जागृत करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। अभिनेष मौर्य ने यह भी बताया कि उनकी संस्था द्वारा बच्चों को सेना में भर्ती की तैयारी हेतु निःशुल्क फिजिकल ट्रेनिंग प्रदान की जाती है, ताकि अधिक से अधिक युवा सेना में जाकर देश सेवा कर सकें। देशभक्ति रैली के दौरान कैडेट्स के साथ-साथ शहरवासियों में भी भारी उत्साह देखने को मिला। लोगों ने जगह-जगह रैली का स्वागत किया और भारतीय सेना के शौर्य, साहस और बलिदान को नमन किया। यह आयोजन फतेहपुर में सेना दिवस को यादगार बनाने में सफल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *