Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

संगठन चला व्यापारी द्वार” अभियान का हुआ शुभारंभ
FATEHPUR NEWS: जन उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश संगठन द्वारा गुरुवार को राधानगर चौराहे के निकट संगठन के पहले जिला संपर्क कार्यालय का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर के साथ ही संगठन के पूर्व घोषित महाअभियान “संगठन चला व्यापारी द्वार” की भी औपचारिक शुरुआत हो गई, जो आगामी 20 अगस्त 2026 तक पूरे जनपद में संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान ने प्रदेश एवं जिला/नगर पदाधिकारियों की उपस्थिति में फीता काटकर जिला संपर्क कार्यालय का उद्घाटन किया। उद्घाटन के उपरांत एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया तथा राहगीरों के बीच मिष्ठान वितरण कर खुशी साझा की गई। इसके पश्चात आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान ने कहा कि यह अभियान लगभग आठ महीने तक चलने वाला एक व्यापक जनसंपर्क और व्यापारी हितों से जुड़ा महाअभियान है। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे पूरे जनपद के नगरों, कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में डोर-टू-डोर व्यापारियों से संपर्क कर उनकी व्यापारिक समस्याओं के साथ-साथ जनसमस्याओं को भी सूचीबद्ध करें। इन समस्याओं को स्थानीय संगठन कार्यालय के माध्यम से संबंधित विभागों एवं शासन-प्रशासन के समक्ष रखकर समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने व्यापारियों को संगठन से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर मजबूत कमेटियों के गठन पर भी विशेष बल दिया, ताकि व्यापारी एकता को मजबूती मिल सके और व्यापारी हितों की प्रभावी पैरवी की जा सके। कार्यक्रम एवं बैठक का सफल संचालन जिला उपाध्यक्ष नईम अहमद द्वारा किया गया। बैठक के उपरांत प्रदेश अध्यक्ष चन्दन सिंह चौहान ने उपस्थित पदाधिकारियों के साथ राधानगर क्षेत्र के व्यापारिक प्रतिष्ठानों का दौरा किया और व्यापारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सूचीबद्ध किया।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री अजय मौर्य, प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक रायजादा, जीतू हयारण, जिला उपाध्यक्ष नईम अहमद, जसवंत गिहार, आशीष शरन, हिमांशु दीक्षित, रामशंकर पाल, अशोक साहू, शिवधेश मौर्य, तौशीफ सिद्दीकी, पप्पू गुप्ता, बुद्धराज धाकड़ी सहित दर्जनों पदाधिकारी एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।