Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्र अंतर्गत थाना सुल्तानपुर घोष के बेंचू का पुरवा मजरे करमेपुर गांव में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक विवाहिता का शव कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे बेचू का पुरवा निवासी प्रतिभा पटेल (उम्र लगभग 25 वर्ष) पत्नी रामबाबू पटेल, ने अपने घर के कमरे में छत के चुल्ले में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। पड़ोसियों के अनुसार घटना के समय प्रतिभा घर पर अकेली थी। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। बताया गया कि मृतका के पति रामबाबू पटेल वर्तमान में अपने दो छोटे भाइयों के साथ गुजरात के सूरत शहर में मजदूरी करते हैं। वहीं ससुर गणेश प्रसाद और सास लीलावती घटना के समय अपनी बड़ी नातिन के साथ गांव के बाहर हुसैनगंज–कड़ा मार्ग स्थित अपने प्लॉट/मार्केट पर मौजूद थे। इसी दौरान सूरत से रामबाबू का फोन आया, जिसमें उसने अपने पिता से कहा कि बहू नाराज है, आप जल्दी घर जाकर देखिए। फोन मिलने के बाद जब सास-ससुर घर पहुंचे तो बाहर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। जंगले से झांककर देखा तो प्रतिभा का शव फांसी के फंदे से लटका दिखाई दिया। यह दृश्य देखते ही परिजनों के होश उड़ गए। तत्काल पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया और प्रतिभा को नीचे उतारने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और मृतका के मायके पक्ष को दी गई। सूचना मिलते ही थाना सुल्तानपुर घोष के थाना प्रभारी तेजबहादुर सिंह चंदेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कमरे की स्थिति, फंदे, दरवाजे और अन्य बिंदुओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की।
मृतका प्रतिभा के मायके पक्ष ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में बेचू का पुरवा निवासी गणेश प्रसाद के पुत्र रामबाबू पटेल के साथ शादी की गई थी। प्रतिभा दो बच्चों की मां थी, जिनमें एक लगभग तीन वर्ष की बेटी और एक लगभग एक वर्ष का बेटा शामिल है। अचानक हुई इस घटना से दोनों मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग गहरे सदमे में हैं। बताया गया कि मृतका के पिता और भाई बिहार में होने के कारण मौके पर तुरंत नहीं पहुंच सके, जिससे पोस्टमार्टम की कार्रवाई को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। मृतका की मां का रो-रोकर बुरा हाल था और वह पति व बेटे के पहुंचने के बाद ही आगे की कार्रवाई की बात कहती रहीं, जिसके चलते विधिक प्रक्रिया कुछ समय के लिए बाधित रही। हालांकि इस पूरे प्रकरण में पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। मायके पक्ष के बयान और परिस्थितिजन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। खबर लिखे जाने तक शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही थी। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ और लोग स्तब्ध हैं।