Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

अधिवक्ताओं ने दिया एकता और भाईचारे का संदेश
एक पंडाल के नीचे जुटे कलेक्ट्रेट व दीवानी न्यायालय के सैकड़ों अधिवक्ता
FATEHPUR NEWS: मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर में ‘समरसता अधिवक्ता खिचड़ी भोज’ का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर सिंह के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट एवं दीवानी न्यायालय से जुड़े सैकड़ों अधिवक्ताओं ने सहभागिता कर आपसी भाईचारे, सौहार्द और समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ आपसी शुभकामनाओं और पारंपरिक उत्साह के साथ हुआ। आयोजन में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गया प्रसाद दुबे एडवोकेट, महामंत्री जितेन्द्र सिंह गौतम एडवोकेट तथा वरिष्ठ अधिवक्ता लक्ष्मीकांत अवस्थी की गरिमामय उपस्थिति रही। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन अधिवक्ता समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं और संगठनात्मक मजबूती प्रदान करते हैं। इस समरसता भोज का मुख्य उद्देश्य अधिवक्ता साथियों के बीच आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देना रहा। कलेक्ट्रेट और दीवानी न्यायालय के सभी अधिवक्ता एक ही पंडाल के नीचे एकत्रित हुए, जहां सभी ने मिलकर पारंपरिक खिचड़ी का आनंद लिया। पूरा कलेक्ट्रेट परिसर उत्सवमय वातावरण में डूबा नजर आया और अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी है और आपसी एकता से ही समाज को बेहतर दिशा दी जा सकती है। इस तरह के आयोजन न केवल सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं, बल्कि युवा और वरिष्ठ अधिवक्ताओं के बीच संवाद और सहयोग को भी बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं का विशेष योगदान रहा। उपस्थित अधिवक्ताओं ने वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर सिंह के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी मेल-मिलाप का सशक्त माध्यम हैं और भविष्य में भी इस परंपरा को निरंतर जारी रखा जाना चाहिए। आयोजन ने न केवल पर्व की खुशियों को साझा किया, बल्कि अधिवक्ता समाज को एकजुट रहने का मजबूत संदेश भी दिया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से अमित कुमार दुबे एडवोकेट, विवेक कुमार दुबे एडवोकेट, विभव परिहार एडवोकेट, अभिषेक प्रताप सिंह एडवोकेट, रूपेश कांत अवस्थी एडवोकेट, एसपी सिंह एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता साथी उपस्थित रहे।