ठगी पीड़ित निवेशकों की हुई बैठक, भुगतान को लेकर आंदोलन की रणनीति तय

FATEHPUR NEWS: फतेहपुर नहर कॉलोनी परिसर में ठगी पीड़ित जमाकर्ता परिवार की एक आवश्यक बैठक संगठन के अध्यक्ष सूरज दीन विश्वकर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आपसी एकजुटता के प्रतीक स्वरूप खिचड़ी भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पीड़ित निवेशकों ने सहभागिता की। बैठक के दौरान निवेशकों ने करीब 36 से अधिक कंपनियों में किए गए निवेश के भुगतान की मांग को तेज करते हुए भारत सरकार द्वारा बनाए गए अनियमित जमा पाबंदी योजनाएं अधिनियम, 2019 (BUDS Act 2019) के तहत शीघ्र कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि निवेशकों द्वारा जिलाधिकारी कार्यालय फतेहपुर में भुगतान दावा प्रपत्र (क्लेम फॉर्म) जमा किए जा रहे हैं, लेकिन कार्यालय स्तर पर सही एवं स्पष्ट जानकारी न मिलने से निवेशकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। निवेशकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 136 कंपनियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराकर संबंधित लोगों पर कानूनी कार्रवाई कराई जाएगी, ताकि ठगी पीड़ितों को उनका पैसा वापस दिलाने का रास्ता निकाला जा सके। इसके साथ ही बैठक में एजेंटों की सुरक्षा, सम्मान एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग भी सरकार के समक्ष उठाने का निर्णय लिया गया। संगठन ने स्पष्ट किया कि सभी पीड़ित निवेशकों को न्याय दिलाने तक संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर प्रमुख रूप से राकेश कुमार साहू, अंबिका प्रसाद, राम अवतार, नागेंद्र कुमार, राम प्रकाश, प्रकाश शर्मा, प्रेमलाल गौरी, विनोद कुमार मौर्य, बिंदा प्रसाद, रामस्वरूप वर्मा, राम सिया, शिव बली प्रसाद, वंश गोपाल सहित अनेक निवेशक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *