Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच फतेहपुर पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए साइबर ठगी के शिकार पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। थाना कोतवाली नगर की साइबर क्राइम टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते से फ्रॉड हुए 1,04,000 रुपये की पूरी धनराशि वापस कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन एवं साइबर क्राइम के नोडल अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक के निकट पर्यवेक्षण में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली नगर पर प्राप्त शिकायत संख्या 33110250146293 में पीड़ित ने बताया कि टेलीकॉम विभाग से जुड़ा बताकर आए एक फ्रॉड फोन कॉल के माध्यम से डिजल फिलिंग हेतु सिक्योरिटी मनी जमा करने के नाम पर बारकोड भेजा गया, जिसे स्कैन करते ही पीड़ित के खाते से 1,04,000 रुपये की धनराशि धोखाधड़ी से निकाल ली गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम टीम कोतवाली नगर ने त्वरित जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बैंकिंग समन्वय के जरिए फ्रॉड की गई पूरी रकम पीड़ित के खाते में वापस कराने में सफलता प्राप्त की। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने जनपद के उच्च पुलिस अधिकारियों एवं साइबर क्राइम टीम कोतवाली नगर का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक तारकेश्वर राय, उप निरीक्षक गिरिधर दुबे, उप निरीक्षक संदीप कुमार, उप निरीक्षक विवेक कुमार, कांस्टेबल आशीष कुमार, कांस्टेबल सूरज कुमार एवं कांस्टेबल सुमित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने इस अवसर पर जनसामान्य से अपील करते हुए कहा है कि डिजिटल युग में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करें, अनजान कॉल, लिंक या मैसेज पर भरोसा न करें, UPI या ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से पहले पूरी जांच करें और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। फतेहपुर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि डिजिटल दुनिया में सजग रहें, जागरूकता ही आपकी ऑनलाइन सुरक्षा की सबसे मजबूत ढाल है।