आप की ‘रोज़गार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा की हुई शुरुआत,शहीद उद्यान से सांसद संजय सिंह ने किया शुभारंभ

देश बाबा साहब के संविधान से चलेगा, किसी बाबा के फरमान से नहीं-संजय सिंह
MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को मीरजापुर के शहीद उद्यान से ‘रोज़गार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के तीसरे चरण का शुभारंभ किया। पदयात्रा से पहले उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर जनकल्याण की कामना की। यह पदयात्रा 22 जनवरी तक मीरजापुर से वाराणसी (सारनाथ) तक चलेगी। पदयात्रा के दौरान मीरजापुर में जनता का जबरदस्त समर्थन देखने को मिला। जगह-जगह कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा कर संजय सिंह का स्वागत किया। शहीद उद्यान से सिटी क्लब तक पैदल मार्च के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। सांसद संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज पेपर लीक और युवाओं के शोषण का केंद्र बन गया है। सरकार भर्तियां नहीं निकाल रही है और जब नौजवान रोजगार की मांग करता है तो उसे पुलिस से पिटवाया जाता है और जेल भेज दिया जाता है। बेरोजगारी चरम पर है, युवा हताश और परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि बेरोजगार युवाओं को ₹10,000 बेरोजगारी भत्ता दिया जाए और बदले में उनसे सरकार द्वारा तय कार्य लिया जाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में दलितों, पिछड़ों, शोषितों और वंचितों पर अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं। लखनऊ में पासी समाज के एक बुजुर्ग को पेशाब चटवाने, रायबरेली में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या और इटावा में पिछड़ा समाज के कथावाचक का सिर मुंडवाने जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं रोज़ हो रही हैं, लेकिन सरकार मौन है।
सांसद संजय सिंह ने अग्निवीर योजना और सरकारी संपत्तियों की बिक्री का विरोध करते हुए कहा कि इन नीतियों से युवाओं और देश को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि बीजेपी रामराज्य की बात करती है, लेकिन रामराज्य का अर्थ सबको समान न्याय देना है, जबकि आज दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी हिंदुओं के साथ धोखा कर रही है—हिंदुओं के बच्चों का रोजगार छीना जा रहा है और हिंदुओं का पैसा अमीर लोगों के हाथों में जा रहा है। रामचरितमानस की चौपाइयों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सच्चा हिंदू धर्म विश्व कल्याण, सद्भाव और समानता सिखाता है, न कि नफरत और भेदभाव। सांसद संजय सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह देश किसी बाबा के फरमान से नहीं, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान से चलेगा। उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा तीसरे चरण की है और प्रदेश के अलग-अलग जोनों में कुल आठ चरणों में ‘रोज़गार दो, सामाजिक न्याय दो’ पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी, ताकि आम आदमी की आवाज़ को और बुलंद किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *