एकडेंगवा ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी ने सुनीं समस्याएं, योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

SIDHARTHNAGAR NEWS: शासन के निर्देशानुसार ‘गांव की समस्या, गांव में समाधान’ अभियान के तहत शुक्रवार को विकास खंड बांसी की ग्राम पंचायत एकडेंगवा में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने सीधे ग्रामीणों से संवाद कर शासन की योजनाओं की जमीनी प्रगति जानी और स्पष्ट चेतावनी दी कि जनहित की योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाए जाएं, जिससे उन्हें पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिल सके। साथ ही, वृद्धा, विधवा व दिव्यांग पेंशन से जुड़ी किसी भी शिकायत को ब्लॉक स्तर के कर्मचारी मौके पर ही निस्तारित करें और बिजली उपभोक्ता ‘एकमुश्त समाधान योजना’ का लाभ उठाकर बकाया बिलों में छूट प्राप्त करें। किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान सम्मान निधि के लंबित प्रकरणों को तत्काल सुलझाने के निर्देश दिए और सभी किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने का आह्वान किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर बल देते हुए राजस्व विभाग को वरासत के प्रकरणों को समयबद्ध तरीके से निपटाने और भूमि विवादों पर त्वरित पैमाइश सुनिश्चित करने को कहा। राशन वितरण में पारदर्शिता और प्रमाण पत्रों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी की और विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, एसडीएम बांसी निखिल चक्रवर्ती, पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, खंड विकास अधिकारी कृतिका अवस्थी सहित अन्य जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *