Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: शासन की मंशा के अनुरूप आम जनमानस की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनवरी माह के तृतीय शनिवार को तहसील बिंदकी के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने की, जबकि जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से आमजन ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और आवेदन जमा किए। समाज कल्याण विभाग से वृद्धा पेंशन के 8 आवेदन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से 6 आवेदन (उपकरण, प्रमाण पत्र, पेंशन), श्रम विभाग से 7 आवेदन, बैंक/सीएम युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत 10 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग द्वारा 92 लोगों को तथा होम्योपैथिक विभाग द्वारा 60 लोगों को दवाओं का वितरण किया गया। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग से 6, जिला पंचायत राज विभाग से 12 तथा महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत निराश्रित महिला पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं बाल सेवा योजना से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए। इस समाधान दिवस में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास, वृद्धा, दिव्यांग एवं निराश्रित महिला पेंशन, सिंचाई, नलकूप, राजस्व सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 124 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 23 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 101 प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए समय-सीमा के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय पर संज्ञान न लेने या कार्य में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर हाल में मिले। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की और थाना प्रभारियों को गंभीरता से मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी बिंदकी, नायब तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला कृषि अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, ईओ, खंड विकास अधिकारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।