Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर संचालित “मिशन शक्ति फेज–5.0” अभियान के तहत जनपद फतेहपुर में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर श्री अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीम एवं एण्टी रोमियो टीम द्वारा महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया गया। अभियान के अंतर्गत थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर एण्टी रोमियो टीम ने पहुंचकर महिलाओं को शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य योजनाएं शामिल रहीं। इसके साथ ही महिलाओं की सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी गई। वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (इमरजेंसी कॉल व मोबाइल पैनिक बटन का डेमो), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 एवं साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के संबंध में पंपलेट वितरित कर विस्तृत जानकारी दी गई।
फतेहपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है। पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि महिलाएं निर्भीक होकर आगे आएं और किसी भी समस्या की स्थिति में उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें।