Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

LAKHIMPUR KHERI NEWS: पलिया कलां खीरी। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ, उपशाखा पलिया के पदाधिकारियों ने शनिवार को पलिया बार एसोसिएशन के किलाफ उपजिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर लेखपालों की सुरक्षा और तहसील की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की है। लेखपाल संघ की आपात बैठक के बाद अध्यक्ष मनोज कुमार शुक्ला और मंत्री आदित्य मिश्र के नेतृत्व में यह ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से लेखपालों ने मांग की है कि तहसील में कार्यरत कर्मियों की सुरक्षा के लिए पीएसी की तैनाती की जाए। साथ ही, भू-लेख कार्यालय में बाहरी और अनधिकृत व्यक्तियों के हस्तक्षेप को तुरंत रोका जाए। लेखपालों ने यह भी निर्णय लिया है कि अब वे कोई भी दस्तावेज व्यक्तिगत रूप से (दस्ती) स्वीकार नहीं करेंगे, बल्कि केवल डाक के माध्यम से प्राप्त कागजों पर ही कार्य करेंगे। इसके अलावा, ज्ञापन में तहसील परिसर के प्रवेश मार्ग से अतिक्रमण हटाने और शाम के समय परिसर में होने वाले नशाखोरी व मदिरा सेवन की गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की गई है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि इन बिंदुओं पर प्रभावी कार्यवाही नहीं हुई तो कर्मचारियों में व्याप्त आक्रोश बढ़ सकता है। इस अवसर पर काजल बाजपेई, सतीश कुमार,धीरज शुक्ला,रूबी वर्मा और बलराम राना सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।