निर्दोष थारू समाज को न्याय दिलाने की कवायद शुरू, जांच कमेटी ने विधायक रोमी साहनी संग जा की कार्यवाही तेज 

LAKHIMPUR KHERI NEWS: पलिया विधानसभा क्षेत्र के निर्दोष थारू समाज के लोगों पर दर्ज हुए मुकदमों को लेकर विधायक रोमी साहनी की कोशिशें रंग लाती दिख रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विधायक की वार्ता के बाद गठित की गई उच्च स्तरीय जांच कमेटी ने अपनी कार्यवाही तेज कर दी है। शनिवार को जांच कमेटी के सदस्यों ने विधायक के आवास पर पहुंचकर इस संवेदनशील मामले पर विस्तार से चर्चा की। जांच कमेटी के सदस्य धर्मेंद्र द्विवेदी (वन्य जीव प्रतिपालक, किशनपुर वन्य जीव विहार) और मनोज तिवारी (उप प्रभागीय वनाधिकारी, निघासन बफर जोन) ने विधायक रोमी साहनी के पलिया स्थित आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान काफी देर तक चली मंत्रणा में मुकदमों के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों और विधायक के बीच यह सहमति बनी कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप किसी भी निर्दोष व्यक्ति को प्रताड़ित नहीं होने दिया जाएगा। विधायक रोमी साहनी ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि थारू समाज के भोले-भाले लोगों को गलत तरीके से फंसाया जाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन लोगों का अपराध में कोई हाथ नहीं है, उन्हें जल्द ही इन मुकदमों से राहत दिलाई जाएगी। जांच कमेटी के इस कदम से थारू बाहुल्य इलाकों में न्याय की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *