Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

LAKHIMPUR KHERI NEWS: तिकुनिया थाना क्षेत्र में बर्सोला बाबापुरवा से चुगुरजी गांव को जोड़ने वाले मार्ग पर एक पैटून पुल का निर्माण किया गया है। इस पुल के बनने से ग्रामीणों को शारदा नदी पार करने में सुविधा होगी, जिससे उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हुआ है। इससे पहले, चुगुरजी गांव जाने के लिए ग्रामीणों को शारदा नदी नाव से पार करनी पड़ती थी। यह गांव नेपाल सीमा के करीब स्थित है और यहां तक पहुंचने का कोई सीधा मार्ग नहीं था। ग्रामीण या तो नेपाल के रास्ते से आवागमन करते थे या बाबापुरवा से नाव के जरिए नदी पार करते थे। लगभग सात महीने पहले, इसी मार्ग पर एक नाव पलटने से छह लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद, प्रशासन ने इस समस्या की गंभीरता को समझा।
हादसे की जांच के लिए मौके पर पहुंची जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने घटनास्थल का मुआयना किया था। उन्होंने ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर पैटून पुल के निर्माण को मंजूरी दी थी। जिलाधिकारी के आदेश के बाद अब यह पुल बनकर तैयार हो गया है। इस पुल के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी है, क्योंकि अब उन्हें नदी पार करने के लिए अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी पड़ेगी।ग्रामीणों ने इस पहल पर संतोष व्यक्त किया है। संजू साहनी ने बताया कि पैटून पुल बनने से आवागमन में काफी राहत मिली है और रास्ता आसान हो गया है। प्रेम सिंह के अनुसार, भारत में पुल बनने से नेपाल जाने वाले रास्ते पर निर्भरता कम हुई है और सभी लोगों को आने-जाने में सुविधा हुई है।छंगूर निषाद ने कहा कि उनकी खेती नदी के उस पार है, इसलिए अब उन्हें खेती के काम के लिए आने-जाने में आसानी होगी। लल्लू राम ने बताया कि बच्चों की पढ़ाई और बाजार से सामान लाने में सहूलियत होगी, साथ ही प्रशासन के लोगों को भी यहां तक पहुंचने में आसानी होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब इस पिछड़े क्षेत्र में विकास होगा और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल पाएगा।