Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के निर्देशन में जिला प्रशासन द्वारा तहसील तुलसीपुर स्थित एम०डी०एस० रॉयल रिजॉर्ट में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय रूप से सम्पन्न कराया गया।
कार्यक्रम में 189 नवविवाहित जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे
कार्यक्रम में माननीय विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन,मुख्य विकास अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद एवं सफल दाम्पत्य जीवन की मंगलकामना की गई।जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने कार्यक्रम प्रारम्भ होने से पूर्व स्थल का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विवाह आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भोजन, मंडप/मंच व्यवस्था, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का परीक्षण करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा कई नवविवाहित जोड़ों एवं उनके परिवारजनों से संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली गई। नवविवाहित जोड़े एवं उनके परिजन आयोजन की व्यवस्था से संतुष्ट एवं प्रसन्न दिखे तथा उन्होंने शासन एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना: आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ा संबल
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक सामूहिक रूप से सम्पन्न कराया जाता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अनावश्यक खर्च से राहत मिलती है तथा बेटियों के विवाह में सरकारी सहायता से सहयोग प्राप्त होता है।योजना के अंतर्गत शासन द्वारा प्रति युगल कुल ₹1,00,000/- की सहायता/व्यय की व्यवस्था की गई है, जिसमें ₹60,000/- की धनराशि डीबीटी के माध्यम से कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाती है,
₹25,000/- का उपहार/गृहस्थी सामग्री प्रदान की जाती है तथा ₹15,000/- विवाह आयोजन एवं व्यवस्थाओं (मंडप, भोजन आदि) पर व्यय किया जाता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा सक्रिय भूमिका निभाई गई तथा समस्त व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से सुनिश्चित की गईं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत दिनांक 20 जनवरी 2026 को तहसील उतरौला में शालीमार मैरिज लॉन तथा दिनांक 24 जनवरी 2026 को तहसील बलरामपुर में माया होटल में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजन स्थलों पर समस्त व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित कराई जा रही हैं।