इंडिया ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में फतेहपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

FATEHPUR NEWS: ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर के खिलाड़ियों ने 8वीं इंडिया ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले फतेहपुर के पांच खिलाड़ियों में से चार खिलाड़ियों ने कुल एक स्वर्ण और तीन रजत पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। चैंपियनशिप में अंश यादव ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया, जबकि रिचा राजपूत, अनुष्का यादव और मोहम्मद जावेद ने रजत पदक अपने नाम किए। यह प्रतियोगिता 16 से 18 जनवरी तक देहरादून में आयोजित की गई थी, जिसमें देश-विदेश के खिलाड़ियों ने भाग लिया। फतेहपुर से अंश यादव, मोहम्मद अली, मोहम्मद जावेद, अनुष्का यादव और रिचा राजपूत ने टीम कोच राजकुमार के नेतृत्व में प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल से जिले का गौरव बढ़ाया। ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को सभी खिलाड़ियों का पुष्पहार पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया जाएगा। खिलाड़ियों की इस सफलता पर खेल प्रेमियों और जिलेवासियों में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *