विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन

LAKHIMPUR KHERI NEWS: नगर पंचायत निघासन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जिला पंचायत इंटर कॉलेज मैदान में रकेहटी मंडल के अंतर्गत विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में हजारों की संख्या में महिलाओं व पुरुषों ने सहभागिता की। आयोजन का उद्देश्य हिंदू समाज की एकता, संगठन और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करना रहा।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि संघ के अवध प्रांत प्रचारक कौशल रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में संघ के शताब्दी वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पंच परिवर्तन—कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक शिष्टाचार और स्वदेशी के बोध—पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि समाज से जाति-पात की भावना समाप्त कर सभी को “हम सब हिंदू भाई-भाई” के भाव के साथ एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि जागरूक, संस्कारवान और संगठित समाज ही राष्ट्र की मजबूती का आधार है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा, “जीना है तो जग में गरजें, हिंदू हम सब एक हैं। उलझे-सुलझे प्रश्नों का उत्तर केवल एक है—हिंदू हम सब एक हैं।” सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे कस्बा निवासी विनोद कुमार सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने उत्तरदायित्व—घर, समाज और राष्ट्र—के प्रति सजग रहना चाहिए। यदि हर व्यक्ति अपने दायित्व को समझ ले, तो समाज में धर्म और सद्भाव की जय स्वतः हो जाएगी। कार्यक्रम में गुरुद्वारा के ग्रंथी सरदार जसवीर सिंह, गुलरीपुरवा मंदिर के मुख्य पुजारी बाबा रामसनेही दास, राजकीय इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. निधि वर्मा सहित अनेक धर्मगुरु व शिक्षाविद उपस्थित रहे। संचालन गिरजा शंकर ने किया। इस अवसर पर विभाग प्रचारक अभिषेक, सह विभाग प्रचारक अविनाश, जिला कार्यवाह संजीव, जिला सह शारीरिक प्रमुख रामनिवास, आदित्य अजय, सह जिला बौद्धिक प्रमुख डॉ. सुनील सत्यार्थ, खण्ड प्रचारक आदर्श सहित विधायक शशांक वर्मा, श्यामू पाण्डेय, प्रेम सोनी, जितेंद्र, हनुमत शरण, प्रभाकर, बद्रीप्रसाद मौर्य, डॉ. आशीष गुप्ता, देवेंद्र कुमार, अंशुल दीक्षित, प्रभाकर मिश्रा अनुज समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सम्मेलन शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ
समापन अवसर पर खिचड़ी सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने सहभागिता की। आयोजकों ने अंत में सभी आगंतुकों का आभार जताया। ग्रामीणों और नगरवासियों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की अपेक्षा जताई। इस कार्यक्रम का शुभारंभ नवभारत निर्माण एकेडमी रकेहटी के बच्चों ने स्वागत गीत, आरम्भ है प्रचण्ड गीत पर मनमोहक झाकियां प्रस्तुत कर क्षेत्र भर से आए हुए सभी आगंतुकों, क्षेत्रवासियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *