Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JHANSI NEWS: सदर बाजार स्थित महावीर भवन में रविवार को हिन्दू सम्मेलन समिति, सदर बस्ती के तत्वावधान में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन समिति अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार जैन “बड़जात्या” की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण तथा आरती के साथ हुआ।
सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज एवं मांटेसरी स्कूल, सदर बाजार की छात्राओं द्वारा वन्देमातरम् गीत तथा रानी लक्ष्मीबाई एवं भारत माता पर आधारित भावपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। मंचासीन अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया गया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में राजेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों में हिन्दू समाज को संगठित रखने हेतु ऐसे सम्मेलनों की महती आवश्यकता है। सम्मेलन में संयुक्त परिवार की परंपरा को साकार करने वाले श्री सुशील जैन, गौ-पालन हेतु श्री गणेश दत्त जोशी एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण कार्य करने वाले अशोक अग्रवाल ‘काका’ को सम्मानित किया गया। डा० अर्चना अवस्थी ने कुटुम्ब प्रबोधन पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा एवं धर्म को समानान्तर रखने पर बल दिया। सह बौद्धिक प्रमुख छावनी नगर आलोक ने भारत की सांस्कृतिक एकता एवं समरसता पर अपने विचार रखे। मुख्य वक्ता धर्मेन्द्र ने हिन्दू समाज के इतिहास एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना पर सारगर्भित उद्बोधन दिया। कार्यक्रम का संचालन डा० प्रदीप श्रीवास्तव ने किया तथा आभार डा० कृष्ण मोहन अग्रवाल ने व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।