Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

लालगोपालगंज। क्षेत्र के शिवरतन का पूरा, बिजलीपुर स्थित शनिदेव धाम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के कार्यकर्ता सम्मेलन में संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने सतकर्म, संगठन और सामाजिक एकता का संदेश दिया। उन्होंने हनुमान चालीसा केंद्रों की स्थापना व रक्षा निधि में योगदान का आह्वान किया।
बिजलीपुर स्थित शक्तिपीठ शनिदेव धाम में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने देश-दुनिया के मौजूदा हालात का उल्लेख करते हुए हिंदू समाज से एकजुट रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आज समाज को जातियों में बांटने की कोशिशें हो रही हैं, ऐसे में संगठन ही सुरक्षा का मंत्र है। अगर हिंदू घटा, तो हिंदू कटा। इसलिए संगठित रहेंगे, तो सुरक्षित रहेंगे।
डॉ. तोगड़िया ने दो प्रमुख विषयों पर प्रकाश डाला। हनुमान चालीसा केंद्र और रक्षा निधि। उन्होंने बताया कि पूरे देश में एक लाख हनुमान चालीसा केंद्र खोलने का संकल्प लिया गया है। इसके तहत हर गांव-गांव तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार की शाम सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया जाएगा। यह केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और अनुशासन का साप्ताहिक प्रदर्शन होगा, जिससे बच्चों को संस्कार और युवाओं को आत्मविश्वास मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में हनुमान चालीसा केंद्र शुरू करने एवं सामर्थ्य के अनुसार रक्षा निधि में योगदान देने की अपील की। इससे पूर्व जिलाध्यक्ष संजय तिवारी और कुलदीप तिवारी के नेतृत्व में डॉ. तोगड़िया का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शक्तिपीठ शनिदेव और देववृक्ष पारिजात का दर्शन-पूजन भी किया। सम्मेलन को ईश्वरी प्रसाद, रजनी ठुकराल, संजय दुबे, गोपाल श्रीवास्तव, प्रदीप केसरवानी, निशादराज वंशज डॉ. बी.के. कश्यप, के.के. शुक्ल और नरेंद्र शास्त्री ने भी संबोधित किया। संचालन एडवोकेट श्याम उपाध्याय ने किया, जबकि आभार शिवदीप तिवारी ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।