Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

KAUSHAMBI NEWS: सोमवार को बीआरसी सरसवां के सभागार में विकास खंड के सभी प्रधानाध्यापकगणों की मासिक बैठक खंड शिक्षा अधिकारी सरसवां राजीव प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में माह जनवरी में विद्यालयों में बच्चों के होने वाले थर्ड पार्टी निपुण आकलन की जानकारी साझा की गई। प्रधानाध्यापको से विद्यालय स्तर पर पर्याप्त तैयारी करने और बच्चों को आकलन के लिए तैयार करने को कहा गया। इस अवसर पर एआरपी आशुतोष सिंह ने बताया गया कि विद्यालय में 80% से अधिक विद्यार्थियों के निपुण होने पर विद्यालय निपुण हो सकेगा, जिसमें बच्चों के आकलन में बच्चों द्वारा लगभग 75% से अधिक प्रश्न सही करने होंगे। एआरपी पंकज सिंह ने निपुण आकलन के दौरान किन-किन सावधानियों का पालन करना पड़ेगा इस पर भी ध्यान आकर्षित कराया। साथ ही अटल आवासीय विद्यालयों में बच्चों के प्रवेश के लिए सभी विद्यालयों से अधिक से अधिक फॉर्म भराये जाने की बात कही। खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाले पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग और विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक करके आकलन के संबंध में बच्चों में पर्याप्त जागरूकता व बच्चों के अभिभावकों से सहयोग लेने को कहा। साथ ही माह जनवरी में आयोजित होने वाले शिक्षक संकुल की मासिक बैठक में इस पर विशेष ध्यान आकृष्ट कराने को कहा। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में बच्चों की शत् प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ ही साथ बच्चों को निपुण प्लस पर पर्याप्त अभ्यास कराने को निर्देशित किया।