Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: जिला उद्योग व्यापार मंडल (पंजी०) के प्रदेश अध्यक्ष रवि प्रकाश दुबे के नेतृत्व में सोमवार को जिलाधिकारी फतेहपुर को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक कार्यों को मिल रहे प्रशासनिक सहयोग के प्रति आभार जताते हुए रक्त सेवा जैसे संवेदनशील कार्यों को और अधिक सुचारु व सहयोगात्मक बनाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि गुरमीत सिंह, जो जिला उद्योग व्यापार मंडल (पंजी०) के युवा जिलाध्यक्ष एवं सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के प्रबंधक हैं, पिछले आठ वर्षों से फतेहपुर सहित प्रदेश स्तर पर निष्पक्ष रूप से रक्त सेवा कार्य कर रहे हैं। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। व्यापार मंडल ने आरोप लगाया कि पिछले दो वर्षों से जनपद स्तर पर कार्यरत एक सरकारी संगठन से जुड़े कुछ पदाधिकारी संस्था के सेवा कार्यों में हस्तक्षेप कर रहे हैं। बार-बार एक ही तिथि पर शिविर लगाकर सरकारी प्रभाव का हवाला देते हुए संस्था पर स्थान बदलने या कार्यक्रम रोकने का दबाव बनाया जाता है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 8 मई 2025 को जिला चिकित्सालय रक्तकेंद्र में आयोजित शिविर के दौरान नारेबाजी की गई, जिससे सेवा कार्य की गरिमा प्रभावित हुई। वर्ष 2026 में भी ऐसी ही स्थिति उत्पन्न हुई, जबकि संस्था ने टकराव से बचने के लिए अपना शिविर स्थान बदलने का निर्णय लिया था। व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया कि संस्था का उद्देश्य प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि सहयोग है और समस्या तिथि से नहीं, बल्कि दबाव व अपमानजनक व्यवहार से है। ज्ञापन में मांग की गई कि सरकारी संगठनों द्वारा गैर-सरकारी संस्थाओं पर अनुचित दबाव न बनाया जाए, सरकारी व गैर-सरकारी संस्थाओं के बीच समन्वय तय हो, सरकारी शिविर जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित हों तथा एनजीओ को स्वतंत्र रूप से कार्य करने दिया जाए। इस मौके पर युवा व्यापार मंडल महामंत्री व रक्तदाता शांतनु वर्मा, 46 बार रक्तदान कर चुके गुरमीत सिंह, 31 बार रक्तदान कर चुके राजेश मौर्य, 17 बार रक्तदान कर चुके शोभित सिंह, 13 बार रक्तदान कर चुके विनय, अजय, गौरव मिश्रा सहित अन्य रक्तदाता उपस्थित रहे।