Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

एमआई संजय पांडे के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज,क्षेत्रीय किसानों को हो रही भारी परेशानी
PRAYAGRAJ NEWS: भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने किसानों के हितों की अनदेखी और प्रशासनिक मनमानी का गंभीर आरोप लगाते हुए एमआई संजय पांडे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर प्रयागराज जिलाध्यक्ष पंकज प्रताप सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया गया। जिलाध्यक्ष पंकज प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि एमआई संजय पांडे ने कुछ प्रभावशाली व्यक्तियों से मिलीभगत कर सेंटर लेडियारी हॉट नीबी हॉट शाखा को उसके मूल स्थान से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थानांतरित करवा दिया। इस मनमाने फैसले से क्षेत्र के किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खाद व अन्य कृषि संबंधी कार्यों के लिए अब किसानों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है, जिससे समय, धन और श्रम की अनावश्यक क्षति हो रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि संगठन के पदाधिकारियों के पास मोबाइल रिकॉर्डिंग के रूप में महत्वपूर्ण साक्ष्य उपलब्ध हैं, जिनमें एमआई संजय पांडे कथित तौर पर विभागीय अधिकारियों और प्रभावशाली व्यक्तियों की मिलीभगत का उल्लेख करते हुए यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकती।
भारतीय किसान यूनियन (भानू) की ओर से जिला कृषि अधिकारी एवं एडीएम खाद्य को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर एमआई संजय पांडे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, सेंटर लेडियारी हॉट नीबी हॉट शाखा को पुनः उसके मूल स्थान पर स्थापित किया जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
एडीएम खाद्य द्वारा 16 जनवरी तक जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम न उठाए जाने से किसानों और संगठन में भारी रोष व्याप्त है। इस पर नाराजगी जताते हुए जिलाध्यक्ष पंकज प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही न्यायोचित कार्रवाई नहीं हुई तो भारतीय किसान यूनियन (भानू) व्यापक महाआंदोलन करने को बाध्य होगी। इस आंदोलन में कई जिलों के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह भी आंदोलन का नेतृत्व करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। उक्त तथ्य की जानकारी 18 जनवरी 2026 दिन रविवार को भाकियू जिला महासचिव संकल्प सिंह सिब्बू ने दी।