Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

आयुष्मान वय वंदना योजना के सभी पात्र लाभार्थियों के अभियान चलाकर बनाए जा रहे कार्
JHANSI NEWS: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत आयुष्मान वय वंदना योजना के सभी लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए योगी सरकार ने विशेष अभियान की शुरुआत की है। लक्ष्य है कि 15 अप्रैल तक झांसी मंडल के तीनों जिलों में 70 साल के और उससे अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बना दिए जाएं। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है और जन प्रतिनिधियों के साथ ही प्रदेश सरकार के कई विभागों की मदद ली जा रही है। योजना के अंतर्गत गंभीर बीमारियों के उपचार में प्रतिवर्ष पांच लाख रुपए तक का कवरेज प्रदान किया जाता है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज एवं ग्राम विकास विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, खाद्य एवं रसद विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग और सूचना विभाग समन्वय स्थापित कर अभियान को आगे बढ़ाने में सहयोग प्रदान कर रहे हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सभी विभागों के बीच समन्वय कर रहा है और पात्र लाभार्थियों को चिह्नित करने में मदद ले रहा है। ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, कोटेदार, प्राइवेट और सरकारी स्कूलों के शिक्षक इस अभियान के अंतर्गत अपने आसपास के क्षेत्रों में 70 साल के और उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को चिह्नित कर उनके आयुष्मान कार्ड बनवाने में मदद प्रदान कर रहे हैं। अपर निदेशक स्वास्थ्य झाँसी मंडल डॉ सुमन ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत झाँसी मंडल में 55085 कार्ड बनाए जा चुके हैं। झांसी जिले में 24832, जालौन जिले में 20567 और ललितपुर जिले में 9686 कार्ड बनाए गए हैं। लक्ष्य है कि 15 अप्रैल तक योजना के अंतर्गत पात्र सभी बुजुर्गों के कार्ड बना दिए जाएं। एनएचएम के मंडलीय परियोजना प्रबंधक आनंद चौबे ने बताया कि झांसी मंडल के तीनों जिलों में अभी तक आयुष्मान वय वंदना योजना के अंतर्गत 55 हजार से अधिक कार्ड बनाए जा चुके हैं। विशेष अभियान के अंतर्गत 70 वर्ष और अधिक उम्र के सभी पात्र बुजुर्गों के कार्ड बनाने के लिए अंतर्विभागीय समन्वय के साथ अभियान चलाया जा रहा है। झांसी के मण्डलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने बताया कि झांसी मंडल के तीनों जिलों में इस अभियान के अंतर्गत 70 से अधिक आयु वर्ग के नागरिकों की खोज कर उन्हें आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जल्दी ही सभी जनपदों में कार्ड की शत प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। नागरिकों से अपील है कि वह अपने परिवार के 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी नागरिकों के गोल्डन कार्ड बनवाएं और योजना का लाभ लें। उन्होंने सभी सबंधित विभागों को भी इस अभियान में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं