Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JHANSI NEWS: नीले रंग के बक्से में मिली आग से जली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हत्याकांड में मृतका के प्रेमी रामसिंह परिहार, उसकी दूसरी पत्नी गीता और उसके पुत्र नितिन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर रामसिंह ने महिला की कुल्हाड़ी से हत्या कर शव को जला दिया था। घटना 17–18 जनवरी की रात सामने आई, जब थाना कोतवाली पुलिस को मिनर्वा चौराहे से एक लोडर में रखे नीले बक्से की सूचना मिली। जांच में बक्से के भीतर जली हुई महिला की लाश बरामद हुई। लोडर चालक से पूछताछ के बाद पुलिस रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी रामसिंह परिहार तक पहुंची।
पूछताछ में रामसिंह ने बताया कि मृतका प्रीति उसकी तीसरी पत्नी थी और वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रही थी। उसने स्वीकार किया कि 8 जनवरी की रात उसने कुल्हाड़ी से प्रीति की हत्या की और अपनी दूसरी पत्नी के पुत्र की मदद से शव को जलाया। बाद में जली लाश को बक्से में रखकर ठिकाने लगाने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस ने रामसिंह की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर उसकी दूसरी पत्नी और पुत्र को भी गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में सीपरी बाजार पुलिस, सर्विलांस और फॉरेंसिक टीम की संयुक्त कार्रवाई से इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश किया गया।