Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 50वीं वाहिनी ने अवैध तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसबी जवानों ने संसरी मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार को 120 शीशी नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई शराब नेपाल से चोरी-छिपे भारतीय सीमा में लाई जा रही थी। एसएसबी की इस मुस्तैद कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्रों के तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार, सीमा पर तैनात जवानों ने नेपाल की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया। तलाशी लेने पर बाइक से भारी मात्रा में नेपाली शराब बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम पिंटू प्रजापति, निवासी ग्राम जियाभारी थाना ढेबरुआ बताया। उसने स्वीकार किया कि वह यह खेप नेपाल के सिर्सिहवा गाँव निवासी राजेंद्र नामक व्यक्ति से लेकर आ रहा था। एसएसबी ने बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया और आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद उसे अग्रिम कार्रवाई हेतु कस्टम बढ़नी को सौंप दिया।
एसएसबी के उपनिरीक्षक उमेश चंद्रा ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की कड़ी कार्रवाइयां जारी रहेंगी ताकि सीमा पार से होने वाले अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से उपनिरीक्षक उमेश चंद्रा के साथ मिथुन चौधरी, शामराव, हिंदू राव चवान और मोहम्मद शमशाद शामिल रहे।