श्री राधा-कृष्ण मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा का भव्य आयोजन

JHANSI NEWS: ग्राम सिरौल स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में 16 जनवरी से 23 जनवरी तक श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जा रहा है। यह पावन कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हो रही है। सात दिवसीय इस धार्मिक आयोजन में सुप्रसिद्ध कथा वाचक एवं मधुर वाणी के धनी आचार्य पं. श्री सिद्ध शरण पाठक जी (स्वर दूत) कथा व्यास के रूप में श्रीमद् भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का रसपान करा रहे हैं। उनके श्रीमुख से प्रवाहित होने वाले भगवत् चरित्रों से श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान एवं वैराग्य की अनुभूति हो रही है। इस पावन कथा के कथा परीक्षित के रूप में श्रीमती सुषमा जी एवं श्री मुन्नालाल दीक्षित हैं, जिनके द्वारा यह धार्मिक आयोजन समाज के आध्यात्मिक उत्थान की भावना से कराया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा मानव जीवन को सद्मार्ग पर ले जाने वाली, भक्ति एवं संस्कारों को जागृत करने वाली अमूल्य धरोहर है। कथा श्रवण से जीवन के कष्ट दूर होते हैं तथा भगवान श्रीकृष्ण की कृपा प्राप्त होती है। समस्त क्षेत्रवासियों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे सपरिवार पधारकर इस पुण्य अवसर का लाभ लें एवं धर्म लाभ अर्जित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *