अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी–2026’ की तैयारियां तेज

14–16 फरवरी को आरएलबीकेवी झाँसी में होगा विकसित कृषि–विकसित भारत/2047 पर भव्य आयोजन
JHANSI NEWS: कुलपति डॉ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि रानी लक्ष्मी बाई केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झाँसी के प्रांगण में 14 से 16 फरवरी  तक विकसित कृषि–विकसित भारत/2047 थीम पर आधारित अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी–2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुलपति डॉ. अशोक कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर में तीन बड़े आयोजन एक साथ संपन्न होंगे, इनमें किसान मेला, उत्तर प्रदेश कृषि विज्ञान कांग्रेस तथा श्रीअन्न महोत्सव शामिल हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी अधिकारियों को अलग–अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। कुलपति ने मेला स्टॉल, पंडाल व मंच व्यवस्था, तकनीकी सत्र, किसानों की आवास एवं अन्य सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि मेले में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
मेला संयोजक एवं निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. सुशील कुमार सिंह ने बताया कि इस आयोजन के लिए विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्षों, वैज्ञानिकों, शिक्षकों के साथ-साथ अशैक्षणिक कर्मचारियों को भी विभिन्न समितियों में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने बताया कि बुंदेलखण्ड क्षेत्र की कोई भी सरकारी अथवा गैर-सरकारी संस्था यदि किसान मेले में स्टॉल लगाना चाहती है, तो विश्वविद्यालय से संपर्क कर सकती है। कृषि महाविद्यालय, उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय तथा मात्स्यिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाताओं ने अवगत कराया कि सभी महाविद्यालय विकसित कृषि–विकसित भारत/2047 की थीम पर आधारित विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर किसानों को नवीन तकनीकों एवं योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित करेंगे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी, विभागाध्यक्ष, वैज्ञानिक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *