काशी में मंदिर ध्वस्तीकरण के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन

JHANSI NEWS::काशी के मणिकर्णिका घाट पर प्राचीन मंदिरों को तोड़े जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में जिला कलेक्ट्रेट पर एक साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया। पार्टी ने इसे हिंदू आस्था, परंपरा और सनातन संस्कृति पर सीधा हमला बताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। आम आदमी पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी में पौराणिक मंदिरों का ध्वस्तीकरण सरकार की असली मानसिकता को उजागर करता है।
जिलाध्यक्ष अरशद खान ने कहा कि मणिकर्णिका घाट केवल एक घाट नहीं, बल्कि हिंदू धर्म की सबसे पवित्र स्थलीयों में से एक है, जहां सदियों से अंतिम संस्कार होते आ रहे हैं और जहां मोक्ष की मान्यता जुड़ी है। ऐसे ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल पर स्थित प्राचीन मंदिरों को तोड़ना किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को मिटा रही है। व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राजेश भदौरिया ने कहा कि भाजपा चुनाव के समय धर्म और मंदिर की राजनीति करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद मंदिरों पर ही बुलडोज़र चलवाती है। वहीं, प्रांतीय सचिव पुत्तू सिंह कुशवाहा ने कहा कि काशी की पहचान और आत्मा के साथ किया गया यह कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आम आदमी पार्टी इस लड़ाई को अंत तक लड़ेगी। आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि मणिकर्णिका घाट पर तोड़े गए सभी प्राचीन मंदिरों का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए, मंदिर ध्वस्तीकरण के आदेश देने वाले अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में किसी भी धार्मिक स्थल के साथ छेड़छाड़ पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष अरशद खान, प्रांतीय सचिव पुत्तू सिंह कुशवाहा, प्रदेश उपाध्यक्ष किसान प्रकोष्ठ चौधरी परवेज, प्रदेश सचिव व्यापार प्रकोष्ठ आशीष गुप्ता, व्यापार प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष राजेश भदौरिया, महानगर उपाध्यक्ष इम्तियाज खान, महिला जिला उपाध्यक्ष भाग्यलक्ष्मी अय्यर, महानगर महासचिव नीलम सिंह, जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ रिजवान खान, वरिष्ठ नेता साजिद निसार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *